अजमेर : STF ने पकड़ा बांग्लादेशी नागरिक, 21वीं बार बड़ी सफलता
अजमेर, 19 सितम्बर। रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर,संपादन नरेश गुनानी, टेलीग्राफ टाइम्स।
अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष अभियान में 21वीं बार सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में दरगाह क्षेत्र से एक बांग्लादेशी नागरिक को दस्तयाब किया गया। अब तक इस अभियान में कुल 54 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा जा चुका है।
पुलिस मुख्यालय, जयपुर के आदेश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों की पहचान और निष्कासन करना है। अजमेर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर हिमांशु जांगिड़ और वृत्ताधिकारी दरगाह लक्ष्मण राम के नेतृत्व में गठित टीम ने सीआईडी जोन अजमेर के सहयोग से कार्रवाई की।
इस अभियान के तहत मुखबिरों की सूचना, तकनीकी साधनों और सघन तलाश का उपयोग करते हुए दरगाह थाना क्षेत्र में दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अन्दकोट, नई सड़क, तारागढ़ पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर, त्रिपोलिया गेट और झालरा उपर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्धों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 8-10 खानाबदोश संदिग्धों को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया।
पूछताछ के दौरान एक युवक ने स्वयं को बांग्लादेशी नागरिक होना स्वीकार किया। पकड़े गए युवक की पहचान मोहम्मद यूसूफ (36 वर्ष) पुत्र अबू जाहिर, निवासी ग्राम चार मदरज, थाना चरफेशन, जिला भोला बरिशाल, बांग्लादेश के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि वह बेनापोल बॉर्डर से अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर पश्चिम बंगाल के रास्ते अजमेर पहुंचा और दरगाह क्षेत्र में खानाबदोश की तरह जीवन बिता रहा था।
यूसूफ को पुलिस ने 18 सितम्बर 2025 को झालरा उपर गली, दरगाह गेट नंबर-07 से पकड़ा। उससे गहन पूछताछ की जा रही है।