अजमेर स्मार्ट सिटी की बदहाली पर युवा कांग्रेस का तीखा विरोध, जलभराव में मेयर-आयुक्त के कटआउट लगाकर जताया आक्रोश
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 21,2025
(रिपोर्ट: हरिप्रसाद शर्मा, अजमेर)
अजमेर शहर की बदहाल व्यवस्था और स्मार्ट सिटी योजना की असफलता को लेकर रविवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के जरिए कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की नाकामियों को उजागर करते हुए करीब 2000 करोड़ रुपये की स्मार्ट सिटी परियोजना को पूरी तरह असफल बताया।
कटाक्ष भरा प्रदर्शन: जलभराव में लगाए गए कटआउट
प्रदर्शन की शुरुआत नौ नंबर पेट्रोल पंप से हुई, जहां बल्ली और रस्सियों से कथित “स्मार्ट सिटी” की प्रतीकात्मक दीवारें बनाई गईं। इन दीवारों पर नगर निगम के मेयर और आयुक्त के कटआउट लगाए गए। यह दृश्य दर्शाता था कि स्मार्ट सिटी योजना केवल कागजों पर सजी है, जमीनी हकीकत में शहर की दीवारें कमजोर और विकास कार्य अधूरे हैं।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों का काफिला नेहरू अस्पताल, स्वामी कॉम्प्लेक्स चौहारा, बजरंगगढ़ चौहारा जैसे इलाकों में पहुंचा, जहां बारिश के बाद गंभीर जलभराव की समस्या बनी हुई है। कार्यकर्ताओं ने वहां जनता को हो रही परेशानी की तस्वीरें दिखाकर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
नगर निगम और प्रशासन पर सीधे आरोप
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीधे तौर पर नगर निगम प्रशासन को शहर की दुर्दशा का जिम्मेदार ठहराया। नगर आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा गया कि जब तक प्रशासन की जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक हालात नहीं सुधरेंगे।
वक्ताओं ने उठाए गंभीर सवाल
लोकेश शर्मा ने कहा कि “बीते तीन दशकों से अजमेर नगर निगम बीजेपी के पास है, लेकिन शहर की तस्वीर नहीं बदली। न सड़कें सुधरीं, न नालियां बनीं। जब भी बारिश होती है, अजमेर डूब जाता है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो युवा कांग्रेस आने वाले दिनों में बीजेपी नेताओं का सड़कों पर विरोध और तेज करेगी।
सुनील लारा ने निगम अधिकारियों पर तंज कसते हुए कहा कि “वे केवल दफ्तरों में बैठकर आदेश पारित करते हैं, जबकि जमीनी हालात से पूरी तरह बेखबर हैं। स्मार्ट सिटी की हकीकत तस्वीरें खिंचवाने से नहीं, बल्कि ज़मीनी काम से सामने आती है।”
सागर मीणा ने निगम की अनदेखी से जनता को हो रही परेशानियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि यदि हालात नहीं बदले तो युवा कांग्रेस जल्द ही नगर निगम मुख्यालय का घेराव करेगी और आयुक्त के इस्तीफे की मांग के साथ जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगी।
प्रमुख कार्यकर्ता रहे शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के सुनील लारा, लोकेश शर्मा, सागर मीणा, ईश्वर राजोरिया, मनीष सेन, अभिनव भटनागर, फैजान हैदर, गर्व दत्त शर्मा, मुनींद्र मीणा, अम्बे शंकर, विक्रम चौहान, साहिल बारेसा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नगर निगम की निष्क्रियता और अजमेर की बिगड़ती स्थिति को लेकर गहरा रोष जताया।