अजमेर संसदीय क्षेत्र के 11 गांवों को जोड़ने वाली 11 सड़कों का प्रस्ताव, 9.38 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
Reported By: हरि प्रसाद शर्मा
Edited By: लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 22, 2025
किशनगढ़/अजमेर – ग्रामीण क्षेत्र की अधूरी सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत 9.38 करोड़ रुपये की लागत से 15.30 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजा है। यह प्रस्ताव अजमेर लोकसभा क्षेत्र के वंचित 11 गांवों को सड़क नेटवर्क से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
यह मांग किशनगढ़ क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री से जनसुनवाई के दौरान रखी गई थी। ग्रामीणों की वर्षों पुरानी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री श्री चौधरी ने तुरंत प्रस्ताव बनवाकर संबंधित विभाग को भेज दिया। उनके अनुसार, यह कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में व्यापार, कृषि, श्रमिक आवागमन और परिवहन को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
इन सड़कों के निर्माण से होंगे कई लाभ:
- यातायात होगा सुगम: ग्रामीणों को अस्पताल, बाजार, स्कूल तथा अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
- आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा: व्यापार, कृषि उत्पादों की ढुलाई और छोटे उद्योगों को गति मिलेगी।
- समग्र विकास को बल: सड़क नेटवर्क बढ़ने से पूरे क्षेत्र का विकास तीव्र गति से होगा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित यह कार्य न केवल अधूरी सड़कों की कड़ी को जोड़ने का कार्य करेगा, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास की नई राह भी खोलेगा।
यह प्रस्ताव इस बात का प्रतीक है कि जनप्रतिनिधि ग्रामीणों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दे रहे हैं और समय रहते सार्थक कार्रवाई कर रहे हैं।

