अजमेर (हरिप्रसाद शर्मा)। अजमेर संसदीय क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए स्थानीय सांसद व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने एक बड़ा कदम उठाया है। चौधरी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक विस्तृत पत्र लिखकर क्षेत्र के विजयनगर और किशनगढ़ रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न आवश्यक सुविधाओं को जल्द से जल्द विकसित करने की पुरजोर मांग की है।
चौधरी ने अपने पत्र में इस बात पर विशेष जोर दिया कि अजमेर संसदीय क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों से प्रतिदिन भारी संख्या में व्यापारी, विद्यार्थी, आमजन और अन्य यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में यात्रियों की बढ़ती संख्या, उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचे का विस्तार करना बेहद जरूरी है।
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने रेल मंत्री के समक्ष दोनों प्रमुख स्टेशनों के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं:
विजयनगर रेलवे स्टेशन: सुरक्षा और पेयजल पर फोकस
- जीआरपी पुलिस चौकी: स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा चाक-चौबंद करने के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुए विकास कार्यों के साथ-साथ एक जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) चौकी स्वीकृत की जाए।
- बीसलपुर पेयजल योजना: स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए मीठे और शुद्ध पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु इसे बीसलपुर जल आपूर्ति योजना से जोड़ा जाए।
- चारदीवारी निर्माण: पूरे स्टेशन परिसर को सुरक्षित करने के लिए चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) के निर्माण हेतु आवश्यक बजट जारी किया जाए।
किशनगढ़ रेलवे स्टेशन: आधुनिक सुविधाएं और सुगम पहुंच
- एटीएम और शौचालय: यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में बैंक एटीएम बूथ स्थापित किया जाए। साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 पर महिलाओं, दिव्यांगजनों और आम यात्रियों के लिए पक्के शौचालयों का निर्माण हो।
- मैकेनाइज्ड सफाई व्यवस्था: कोरोना काल से पहले की तरह स्टेशन पर आधुनिक मैकेनाइज्ड सफाई व्यवस्था को फिर से बहाल किया जाए।
- भव्य प्रवेश द्वार व दिशा सूचक: किशनगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग-48, एयरपोर्ट मार्ग और शहर की ओर से आने वाले मुख्य रास्तों पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएं। इसके साथ ही बड़े दिशा सूचक बोर्ड (होर्डिंग्स) लगाए जाएं ताकि बाहर से आने वाले मुसाफिरों को स्टेशन पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
पुराने स्टेशन परिसर का विकास और केकड़ी के लिए आरक्षण सुविधा
सांसद चौधरी ने किशनगढ़-अजमेर के पुराने रेलवे स्टेशन परिसर को एक उपनगरीय (Suburban) रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने की दूरगामी योजना भी सामने रखी है। उन्होंने आग्रह किया है कि वहां उपलब्ध खाली भूमि पर मॉल का निर्माण किया जाए और अतिरिक्त रेलवे आरक्षण केंद्र शुरू करने की योजना को रेलवे बोर्ड स्तर पर जल्द क्रियान्वित किया जाए।
इसके अलावा, केकड़ी क्षेत्र के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए चौधरी ने प्रस्ताव दिया कि जब तक केकड़ी में नई रेलवे लाइन नहीं आ जाती, तब तक वहां के नागरिकों की सुविधा के लिए पोस्ट ऑफिस या अन्य वैकल्पिक संसाधनों के माध्यम से रेलवे टिकट आरक्षण (Reservation) की सुविधा तुरंत शुरू करवाई जाए।
केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद भागीरथ चौधरी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से जनहित से जुड़े इन सभी प्रस्तावों पर बिना देरी किए विभागीय स्वीकृति जारी करने का आग्रह किया है, ताकि अजमेर संसदीय क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों और रेल यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिल सके।