“विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी” — जल संसाधन मंत्री
नरेश गुनानी
जल संसाधन मंत्री तथा पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने अजमेर शहर के वार्ड संख्या 61 एवं आसपास के क्षेत्रों में लगभग 410.08 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री रावत का 51 किलो की विशाल माला पहनाकर एवं गदा भेंट कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया तथा क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
विकास आमजन के जीवन को सुगम बनाने का माध्यम
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा:
“विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि प्रत्येक मोहल्ले, प्रत्येक गांव और प्रत्येक वार्ड तक गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं पहुंचे, जिससे नागरिकों का जीवन स्तर निरंतर बेहतर हो सके।”
स्नेह और सम्मान के लिए जताया आभार
क्षेत्रवासियों द्वारा दिए गए आत्मीय स्नेह एवं सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मंत्री रावत ने कहा कि 51 किलो की माला और गदा केवल सम्मान का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की जनता के अटूट विश्वास, स्नेह और विकास के प्रति उनके सक्रिय सहयोग का परिचायक है।
उन्होंने अजमेर एवं पुष्कर क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि वे नागरिकों के इस विश्वास पर सदैव खरे उतरेंगे और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता व निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।