अजमेर में रक्षाबंधन पर महिलाओं का उत्साह, विधानसभा अध्यक्ष को बांधी राखी
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स / पुष्कर
By : सुनील शर्मा
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 11,2025
अजमेर में सोमवार को रक्षाबंधन के मौके पर सैकड़ों महिलाएं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को राखी बांधने पहुंचीं। मातृशक्ति ने उन्हें तिलक लगाकर राखी बांधी और उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य व लंबी उम्र की कामना की। इस अवसर पर देवनानी ने महिलाओं को साड़ी उपहार स्वरूप दी और अल्पाहार की व्यवस्था भी की।
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की माताएं, बहनें, बेटियां, समाजसेवी संस्थाओं से जुड़ी महिलाएं और अधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में सदियों से मातृशक्ति का सम्मान और पूजा होती रही है। सनातन संस्कृति में महिलाओं की भूमिका हर अनुष्ठान, कार्य और आयोजन में महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि देश का इतिहास वीरांगनाओं, विदूषियों और विभिन्न क्षेत्रों की विशेषज्ञ महिलाओं के योगदान से भरा पड़ा है, और यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती है।
देवनानी ने कहा कि आज की भारतीय महिलाएं राजनीति, खेल, शिक्षा, विज्ञान, सेना और विदेश सेवा सहित हर क्षेत्र में देश का मान बढ़ा रही हैं। उन्होंने मातृशक्ति से अपील की कि वे बच्चों और युवाओं को संस्कार देकर उन्हें देश का सुयोग्य नागरिक बनाएं।
कार्यक्रम में महिलाओं ने बड़े उत्साह से विधानसभा अध्यक्ष को राखी बांधी, उनके दोनों हाथों में सैकड़ों राखियां सज गईं। इस मौके पर उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि वे हमेशा मातृशक्ति की सुरक्षा और शहर की तरक्की के लिए कार्य करते रहेंगे।