अजमेर में तीन और बांग्लादेशी महिलाएं डिटेन, अब तक 38 विदेशी नागरिकों पर कसा शिकंजा
विदेशियों के खिलाफ राजस्थान पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
(रिपोर्ट: हरिप्रसाद शर्मा, अजमेर)
Edited By: नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 21, 2025
अजमेर: राजस्थान के अजमेर जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को विशेष अभियान के तहत तीन बांग्लादेशी महिलाओं को डिटेन किया है। इस ताजा कार्रवाई के साथ ही अब तक कुल 38 बांग्लादेशी नागरिकों को राजस्थान में अलग-अलग स्थानों से डिटेन किया जा चुका है। ये सभी व्यक्ति वर्षों से फर्जी पहचान और नकली दस्तावेजों के आधार पर राज्य में निवास कर रहे थे।
सीआईडी सुरक्षा के निर्देश पर संयुक्त अभियान
यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस की सीआईडी (सुरक्षा) शाखा के महानिरीक्षक पुलिस के निर्देश पर की गई। जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. दीपक कुमार और वृताधिकारी किशनगढ़ ग्रामीण उमेश गौतम के सुपरविजन में एक संयुक्त टीम ने कार्य किया। इस टीम में जिला विशेष शाखा, सीआईडी जोन अजमेर और रूपनगढ़ थाना पुलिस शामिल रही।
झूठी पहचान, बदले नाम और विवाह संबंधों का सहारा
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों महिलाएं मूल रूप से बांग्लादेश के कुमिल्ला जिले की निवासी हैं, लेकिन इन्होंने भारत में रहने के लिए अलग-अलग नामों और पहचान के साथ झूठे विवाह संबंधों का सहारा लिया।
- अंजली देवी उर्फ सादिया, पुत्री मोहम्मद कासिम, पत्नी मोहनलाल जाट, वर्तमान में जयपुर जिले के फुलेरा क्षेत्र के टीको की ढाणी गांव में रह रही थी।
- कल्पना बेगम उर्फ सपना देवी (35), पत्नी पूरणमल जाट, अजमेर जिले के रूपनगढ़ थाना क्षेत्र के भदूण गांव में निवास कर रही थी।
- माया देवी उर्फ सुमैया, पत्नी सुगनाराम जाट, मोरडी गांव, थाना रूपनगढ़ क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है।
निष्कासन की प्रक्रिया शुरू, दस्तावेजों की गहन जांच जारी
पुलिस ने बताया कि इन महिलाओं के पास से मिले दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हो चुका है कि इन्होंने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से भारत में निवास किया। इनके खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और संबंधित एजेंसियों के माध्यम से देश से निष्कासन की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।
राज्य में जारी रहेगा सख्त अभियान
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान यहीं नहीं थमेगा। अजमेर सहित राजस्थान के अन्य जिलों में भी अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें डिटेन किया जाएगा। यह कार्रवाई राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की इस नीति का संकेत है कि अवैध रूप से देश में रह रहे विदेशियों के खिलाफ अब सख्ती से निपटा जाएगा। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सुरक्षा एजेंसियां और राज्य सरकार अब किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं हैं। अवैध रूप से भारत में रह रहे नागरिकों के खिलाफ चलाया जा रहा यह अभियान एक कड़ा संदेश है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

