अजमेर में झमाझम बारिश से शहर बेहाल, कॉलोनियां तालाबों में तब्दील; लोग घरों में कैद
नरेश गुनानी।टेलीग्राफ टाइम्स
अजमेर, सितम्बर 2025 (हरिप्रसाद शर्मा):
अजमेर में सोमवार अलसुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। कई घंटों तक लगातार हुई तेज बरसात से निचले इलाकों में जलभराव हो गया और कॉलोनियां तालाबों में तब्दील हो गईं। सड़कों पर दरिया जैसी स्थिति बन गई, जिससे लोग घरों में कैद होकर रह गए। वहीं, जिन लोगों को जरूरी काम से बाहर निकलना पड़ा, उन्हें कमर तक पानी से होकर गुजरना पड़ा। बारिश का पानी घरों और दुकानों तक घुस जाने से लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ गई।

वैशाली नगर से सुनहरी कॉलोनी तक पानी ही पानी
बारिश का सबसे ज्यादा असर वैशाली नगर, चौधरी कॉलोनी, वन विहार कॉलोनी, अलवर गेट क्षेत्र की सुनहरी कॉलोनी, भट्टा और नगरा जैसे इलाकों में देखने को मिला। इन क्षेत्रों की गलियां और मुख्य सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गईं। कई घरों के आंगन और कमरों तक पानी भर गया। कुछ जगहों पर लोग घर से बाहर निकल ही नहीं पाए। सड़कों पर खड़ी बाइक और कारें पानी में फंसकर बंद हो गईं, जिन्हें धक्का देकर बाहर निकालना पड़ा।
बच्चों और ऑफिस जाने वालों को भारी दिक्कत
सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। अभिभावक छोटे बच्चों को पानी से निकालकर कंधों पर उठाकर स्कूल तक ले जाते दिखे। वहीं, नौकरीपेशा लोग समय पर दफ्तर नहीं पहुंच पाए। जलभराव के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही।
नगर निगम की लापरवाही पर गुस्सा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर साल बारिश में यही हालात बनते हैं। नगर निगम और प्रशासन द्वारा नालों की सफाई व जल निकासी की व्यवस्था समय रहते नहीं की जाती। इसी लापरवाही के कारण हल्की-सी तेज बारिश भी शहर को ठप कर देती है। इस बार भी सुबह से लेकर शाम तक कोई अधिकारी मौके पर हालात का जायजा लेने नहीं पहुंचा। दुकानों और घरों में घुसे पानी से लोगों का सामान खराब हो रहा है, जिससे नाराजगी और अधिक बढ़ गई है।
बारिश का सिलसिला जारी, चिंता गहराई
लगातार बारिश ने अजमेर का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोग प्रशासनिक मदद और राहत कार्यों का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों तक और बारिश की संभावना जताई है, जिससे शहरवासियों की चिंता और बढ़ गई है।