अजमेर में जिला कलक्टर ने बारिश के बाद का लिया जायजा, व्यवस्थाओं को लेकर दिए जरूरी निर्देश
By : सुनील शर्मा
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 18,2025
(हरिप्रसाद शर्मा)
अजमेर। जिले में शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद उत्पन्न हालातों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पुष्कर, बांडी नदी, एवं आनासागर एस्केप चैनल की व्यवस्थाओं का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने इन संवेदनशील जल स्त्रोतों के आसपास सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि पुष्कर सरोवर की पवित्रता और स्वच्छता हर हाल में बनाए रखी जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त देशल दान भी जिला कलक्टर के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों की टीमों को फील्ड में सक्रिय देखकर कलक्टर ने संतोष व्यक्त किया और कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, जिससे हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि शुक्रवार सुबह हुई भारी बारिश के बाद कुछ निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति उत्पन्न हुई थी, लेकिन समय रहते आवश्यक कदम उठाकर जल निकासी की व्यवस्था कर दी गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मड पम्प की सहायता से पानी निकालने का कार्य प्राथमिकता से किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जल स्त्रोतों और जल भराव वाले क्षेत्रों के आसपास आम नागरिकों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
कलक्टर ने सभी विभागों को सतर्कता बनाए रखने, मौसम विभाग की चेतावनियों पर विशेष ध्यान देने, और आपात स्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा, “जन सेवा और जन सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को समझें और टीम भावना के साथ काम करें। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी संभावित संकट के लिए पूरी तरह तैयार रहें।”
जिला प्रशासन द्वारा लगातार सर्वे, राहत और निगरानी कार्य जारी है और आमजन से भी अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें तथा अफवाहों से बचें।