अजमेर में आधे घंटे का ब्लैक आउट: इनकमिंग एयर रेड सिमुलेशन एक्सरसाइज सफल
रात्रि 7:30 बजे साइरन बजाकर ब्लैक आउट की घोषणा, लोगों ने स्वेच्छा से की लाइट बंद
Written By: नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 7, 2025
(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर। इनकमिंग एयर रेड की संभावित स्थिति से निपटने की तैयारियों के तहत बुधवार रात अजमेर में आधे घंटे का ब्लैक आउट किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस सिमुलेशन एक्सरसाइज के तहत रात 7:30 बजे साइरन बजाकर और अन्य माध्यमों से लोगों को ब्लैक आउट की सूचना दी गई।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने बताया कि जनहानि से बचाव और दृश्यता कम करने के उद्देश्य से रात 7:30 बजे से 8:00 बजे तक यह अभ्यास किया गया। इस दौरान शहर की समस्त स्ट्रीट लाइट्स बंद रखी गईं और लोगों ने भी स्वेच्छा से अपने घरों व प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद कर दीं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने जागरूकता दिखाते हुए निर्देशों का पालन किया।
आपातकालीन कार्यों से जुड़े स्थलों पर खिड़कियों व दरवाजों पर काले पर्दे या फिल्मों का उपयोग किया गया। ऑटो जनसेट और इनवर्टर से संचालित स्थानों पर भी लाइट बंद रखने की व्यवस्था की गई। ब्लैक आउट के दौरान सड़क पर चल रहे वाहन चालकों ने भी हैडलाइट बंद कर सड़क किनारे खड़ा रहना उचित समझा।
जिला कलक्टर ने इस अभ्यास में सहयोग देने के लिए आमजन का आभार जताया और कहा कि ऐसे प्रयास नागरिकों को आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयार करते हैं।

