अजमेर प्रभारी सचिव ने किया शहरी सेवा शिविर का आकस्मिक निरीक्षण, मौके पर बांटे पट्टे
अजमेर, 19 जून 2026 | हरि प्रसाद शर्मा
अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) परिसर में आयोजित किए जा रहे ‘शहरी सेवा शिविर-2026’ का अजमेर प्रभारी सचिव एवं इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान (जयपुर) के महानिदेशक नीरज के. पवन ने जिला कलक्टर लोक बन्धु के साथ आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा दी जा रही राहत और छूट का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव ने शिविर में लगी प्रत्येक शाखा का दौरा कर कार्य निस्तारण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टा लेने की योजना का आमजन में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और इससे संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने पूरी ऊर्जा के साथ समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक राहत पहुंचाने का संदेश दिया।
मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश
प्रभारी सचिव नीरज के. पवन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले मामलों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए। यदि किन्हीं तकनीकी कारणों से तुरंत निस्तारण संभव न हो, तो उन्हें न्यूनतम समय में पूरा करना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव और जिला कलक्टर ने खुद आगे बढ़कर आवेदकों को आवासीय पट्टे, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे, नामान्तरण, अवधि विस्तार और उपविभाजन आदेश से जुड़े पट्टे सौंपे।
शिविर में उमड़ी भीड़: एक ही दिन में 262 मामलों का हुआ निपटारा
शहरी सेवा शिविर को लेकर अजमेर की जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है। गुरुवार को आयोजित इस शिविर में लगभग 750 लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं के संबंध में पूछताछ की और जानकारी ली। अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए लोगों की व्यक्तिगत व स्थानीय समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के उपाय बताए।
शिविर के दौरान कुल 262 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिनका विवरण इस प्रकार है:
|
क्र.सं. |
कार्य / प्रकरण का विवरण |
निस्तारित मामलों की संख्या |
|---|---|---|
|
1. |
कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं के पट्टे |
62 |
|
2. |
नाम हस्तान्तरण (Mutation) के मामले |
63 |
|
3. |
निर्माण अवधि विस्तार के प्रकरण |
49 |
|
4. |
प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं से जुड़े मामले |
29 |
|
5. |
अलॉटमेंट लेटर (आवंटन पत्र) जारी किए गए |
18 |
|
6. |
लीज होल्ड से फ्री होल्ड में कन्वर्जन |
17 |
|
7. |
भूखण्डों के उपविभाजन एवं पुर्नगठन |
10 |
|
8. |
भवन मानचित्र (Building Maps) की स्वीकृति |
10 |
|
9. |
बकाया लीज जमा कर फ्री होल्ड व लीज मुक्ति प्रमाण पत्र |
03 |
|
10. |
पुर्नवैध (Revalidation) का प्रकरण |
01 |
|
कुल |
कुल निस्तारित प्रकरण |
262 |
”हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। सरकार की मंशा के अनुरूप राहत सीधे और पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचनी चाहिए।”
— नीरज के. पवन, प्रभारी सचिव
इस आकस्मिक निरीक्षण और शिविर के दौरान अजमेर विकास प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।