अजमेर के कोटड़ा क्षेत्र में 29 करोड़ की लागत से बन रहा सैटेलाइट अस्पताल, विकास की नई राह
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स/ हरि प्रसाद शर्मा/अजमेर
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 17 अगस्त।
अजमेर जिले के कोटड़ा क्षेत्र में 29 करोड़ रुपये की लागत से सैटेलाइट अस्पताल का निर्माण तेजी से जारी है। यह 50 बैड वाला आधुनिक अस्पताल क्षेत्र में गंभीर श्रेणी के मरीजों के लिए वरदान साबित होगा। अस्पताल में सामान्य बीमारियों का उपचार, जांच सुविधाएं और नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध होंगी। अस्थायी भवन में इसकी सेवाएं प्रारंभ भी कर दी गई हैं।
रविवार को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कोटड़ा कृष्णा कॉलोनी में 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इससे पूर्व 71 लाख रुपये की लागत से आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्य की शुरुआत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कोटड़ा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
देवनानी ने बताया कि अजमेर उत्तर क्षेत्र की पेयजल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए 270 करोड़ रुपये की स्वीकृति के तहत तीन सर्विस रिजर्वायर बनाए जा रहे हैं, जिनमें से एक कोटड़ा में होगा। इससे बीसलपुर से सीधे पानी की आपूर्ति संभव होगी और टेल एंड इलाकों में भी निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर पंपिंग मशीनों के रुकने की समस्या से निपटने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से बीटीएस सिस्टम लगाए जाएंगे। इसके साथ ही हाथीभाटा क्षेत्र में 132 केवी क्षमता का गैस आधारित जीएसएस बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगति पर है और मरीजों के सहयोगियों व परिजनों के लिए मात्र एक रुपये में भोजन की सुविधा उपलब्ध है। शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। अजमेर में आईआईटी की तर्ज पर आरआईटी की स्थापना की जाएगी, जिससे यह क्षेत्र इंजीनियरिंग शिक्षा का केंद्र बनेगा।
विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पंचशील क्षेत्र में आईटी पार्क, साइंस पार्क और लेपर्ड सफारी जैसी परियोजनाएं मूर्त रूप लेने वाली हैं। इनसे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और यह क्षेत्र पर्यटक स्थल के रूप में विकसित होगा। निगम कार्यालय का निर्माण भी लगभग पूर्ण हो चुका है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
शहरवासियों के लिए रमणीय स्थलों का विकास भी किया जा रहा है। इसमें वरुण सागर झील का सौंदर्यीकरण, एंट्री प्लाजा, कन्वेंशन सेंटर, साइंस पार्क और लेपर्ड सफारी जैसे पिकनिक स्पॉट्स जल्द ही उपलब्ध होंगे।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

