अजमेर: अंदरकोट में बड़ी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, 250 से ज्यादा निर्माण ध्वस्त
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 02,2025
अजमेर के अंदरकोट क्षेत्र में शनिवार सुबह वन विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की। तारागढ़ मार्ग से मीठा नीम दरगाह और बड़ा पीर दरगाह रोड तक फैले वन क्षेत्र में करीब 250 से अधिक अवैध कच्चे-पक्के निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई में 900 पुलिसकर्मी, 250 वनकर्मी, एसटीएफ टीमों समेत चार जिलों से बुलाया गया अतिरिक्त बल तैनात रहा। सुबह 7 बजे शुरू हुए अभियान में चिह्नित 268 निर्माणों में से जिन पर कोई कोर्ट स्थगन आदेश नहीं था, उन्हें हटाया गया।
इलाके में सुरक्षा के लिए छावनी जैसा माहौल बनाया गया और मीडिया की एंट्री पर अस्थायी रोक लगाई गई। प्रशासन के अनुसार यह कदम केवल अवैध अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से उठाया गया है। अभियान देर रात तक जारी रहने की संभावना है।