अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, अधिवक्ता जोरावर सिंह शेखावत हुए सम्मानित
09 सितम्बर 2025, लोकेंद्र सिंह शेखावत। टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक जयपुर के वैशाली नगर स्थित शिव कुंज गार्डन में भव्य रूप से सम्पन्न हुई। देशभर से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी में यह सम्मेलन संगठन की मजबूती और समाज की दिशा तय करने वाला साबित हुआ।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर महेंद्र सिंह तंवर ने की। इस दौरान समाज की एकता, शिक्षा, संस्कृति, युवाओं की भागीदारी और संगठन के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया। कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से तारातरा मठ के महंत एवं पोकरण विधायक प्रताप पुरी जी महाराज, गोपाल आश्रम के संत बालक दास महाराज, बड़ी पिपली बालाजीधाम के महंत परमेंद्र नाथ महाराज, कौशल कुमार वृंदावन उपस्थित रहे। इनके साथ ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट ए.पी. सिंह, प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह सिंगोली (पूर्व विधायक मांडलगढ़), प्रदेश उपाध्यक्ष अधिवक्ता जोरावर सिंह शेखावत (राजस्थान हाईकोर्ट), कर्नल हेम सिंह शेखावत, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राखी राठौड़, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संजय सिंह शेखावत समेत विभिन्न राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों ने भी भागीदारी निभाई।
इस मौके पर समाजसेवा और संगठन को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिवक्ता जोरावर सिंह शेखावत को विशेष सम्मान से नवाज़ा गया। सभा में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज का प्रेरणास्रोत बताया गया।
बैठक का संचालन कैप्टन जे.पी. सिंह चौहान एवं मोती सिंह नाथावत ने किया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक संकल्प लिया गया कि क्षत्रिय महासभा आने वाले समय में समाज के विकास, शिक्षा और संगठन की मजबूती के लिए और अधिक सक्रियता से कार्य करेगी।