अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के ‘स्वर्ण जयंती वर्ष’ का शंखनाद: अयोध्या में 31 फुट की प्रतिमा का हुआ महामस्तकाभिषेक
अयोध्या/जयपुर, 4 जनवरी 2026:
| योगेश शर्मा
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद ने अपने गौरवशाली इतिहास के 50 वर्ष पूर्ण होने पर ‘स्वर्ण जयंती स्थापना दिवस’ को बेहद भव्यता के साथ मनाया। शाश्वत तीर्थ अयोध्या में दिव्यशक्ति भारतगौरव गणिनीप्रमुख ज्ञानमती माताजी के पावन सान्निध्य में आयोजित इस समारोह में देशभर के जैन युवाओं का उत्साह देखते ही बना। इस अवसर पर युवा परिषद की मार्गदर्शिका प्रज्ञाश्रमणी आर्यिका चंदनामती माताजी ने 1 जनवरी 2026 से 1 जनवरी 2027 तक को ‘युवा परिषद स्वर्ण जयंती वर्ष’ के रूप में मनाने की आधिकारिक घोषणा की।
50 किलो दूध और सर्वोषधियों से हुआ महामस्तकाभिषेक
राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन (जयपुर) ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर अयोध्या में विराजमान 31 फुट उत्तुंग भगवान ऋषभदेव की विशाल प्रतिमा का पंचामृत महामस्तकाभिषेक किया गया। 50 किलो दूध और विभिन्न दुर्लभ औषधियों के साथ संपन्न हुए इस अभिषेक और शांतिधारा का सौभाग्य मुंबई के कमल कासलीवाल को प्राप्त हुआ। इसके साथ ही डिजिटल माध्यम का उपयोग करते हुए ‘भगवान ऋषभदेव जूम चैनल’ पर सामूहिक ऑनलाइन दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अमेरिका सहित विदेशों और भारत की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी अपने स्थानीय मंदिरों से जुड़े।
राष्ट्रीय अधिवेशन और अवार्ड समारोह की घोषणा
युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जीवन प्रकाश जैन ने आगामी योजनाओं का रोडमैप साझा किया। उन्होंने बताया कि:
- 5 अप्रैल 2026: अयोध्या में भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन और अवार्ड समर्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह दिन गणिनीप्रमुख ज्ञानमती माताजी के 71वें आर्यिका दीक्षा दिवस के रूप में भी मनाया जाएगा।
- 11 जनवरी 2026: सुबह 6 से 8 बजे तक पारस टीवी चैनल पर ऑनलाइन स्थापना दिवस समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
देश-दुनिया से जुटे प्रमुख व्यक्तित्व
अयोध्या में आयोजित दीप प्रज्ज्वलन समारोह में कर्मयोगी पीठाधीश स्वस्ति रवीन्द्रकीर्ति स्वामी, केंद्रीय संगठन मंत्री निधेश जैन, शुभचंद्र जैन सर्राफ (लखनऊ), तेज कुमार जैन (बाराबंकी), योगेश जैन पुच्चू, प्रिंस जैन, अनिल कुमार जैन (दिल्ली) और अध्यात्म-अर्पिता जैन सर्राफ उपस्थित रहे।
वर्चुअल माध्यम से दिल्ली के मदन जैन, वैशाली से विकास जैन, अमेरिका (न्यूजर्सी) से नितिन भाई शाह, नॉर्थ कैरोलिना से कमलेश भाई शाह, राजस्थान महामंत्री विमल बज, तेलंगाना से गौरव जैन और कोल्हापुर से अभिषेक जैन पाटिल सहित कई गणमान्य नागरिक सम्मिलित हुए।
सेवा कार्यों से मनाया गया स्थापना दिवस
स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में परिषद की विभिन्न शाखाओं ने सेवा के प्रकल्प शुरू किए हैं:
- दिल्ली प्रदेश: जरूरतमंदों को गर्म कपड़ों का वितरण।
- टिकैतनगर व इंदौर शाखा: 1300 से अधिक भक्तों को सम्मेदशिखरजी की तीर्थ यात्रा।
- अन्य आयोजन: कामां, कोटा, बुंदेलखंड और जयपुर हेरिटेज शाखाओं में विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
पावन आशीर्वाद
गणिनीप्रमुख ज्ञानमती माताजी ने अपने मंगल संदेश में युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा और शक्ति का सदुपयोग समाज व धर्म के उत्थान में करें। उन्होंने परिषद के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने का आशीर्वाद प्रदान किया। समारोह के अंत में राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने समस्त शाखाओं को पूरे वर्ष रचनात्मक और चिरस्थाई योजनाओं पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

