अखंड भारत विषय पर संगोष्ठी, विद्यार्थियों में जागी देशभक्ति की भावना
By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 08,2025
जयपुर, खातीपुरा। शहीद मेजर दिग्विजय सिंह सुमाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खातीपुरा में शुक्रवार को “अखंड भारत” विषय पर एक प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में खातीपुरा व्यापार मंडल जयपुर के अध्यक्ष एवं विद्यालय की एसडीएमसी समिति के सदस्य भवानी सिंह राठौड़ ने अध्यक्षता की।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्रवण सिंह राठौड़, एसडीएमसी सदस्य बृजमोहन यादव, समाजसेवी जितेंद्र गौतम, समाजसेवी शैलेंद्र तथा छात्र परिषद अध्यक्ष शंकर सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने भारत के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक एकता और अखंडता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने क्रांतिकारी वीर सावरकर के योगदान को याद करते हुए बताया कि किस प्रकार उनके विचारों और संघर्षों ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। वक्ताओं ने कहा कि “अखंड भारत” केवल एक भौगोलिक अवधारणा नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है।
अतिथियों ने छात्रों से देशहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और उनमें देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित करने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य जे. पी. राघव ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे महापुरुषों के त्याग और विचारों को जीवन में उतारकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों ने भारत की एकता और अखंडता की शपथ भी ली।
