अंत्योदय के संकल्प को साकार करने में जुटी राज्य सरकार
29 सितम्बर 2025, जयपुर। नरेश गुनानी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में राजस्थान सरकार आमजन की प्रत्येक समस्या का समाधान करने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को पूरा करने में जुटी है और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री द्वारा नियमित रूप से की जा रही जनसुनवाई इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित नियमित जनसुनवाई में भजनलाल शर्मा ने महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को सबसे पहले सुना और अधिकारियों को उनकी परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे आवेदक संतुष्ट नजर आए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़ी प्रत्येक समस्या का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए और स्थानीय स्तर पर नियमित जनसुनवाई आयोजित हो। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले लोग प्रशासन से बड़ी उम्मीदें रखते हैं, इसलिए अधिकारी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से राहत प्रदान करें।
जनसुनवाई के दौरान कृषि, गृह, राजस्व, सिंचाई, परिवहन, पशुपालन, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, मनरेगा और ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित परिवेदनाओं को सुना गया और कई मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के पोस्टरों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।