अंता विधानसभा उपचुनाव-2025: मतदान 11 नवम्बर को, 21 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तिथि
07 अक्टूबर 2025, जयपुर | सुनील शर्मा,

अंता विधानसभा उपचुनाव-2025 की अधिसूचना के अनुसार मतदान 11 नवम्बर को होगा, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर निर्धारित की गई है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के तहत मतगणना 14 नवम्बर 2025 को की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने मंगलवार को सचिवालय में राज्य के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उपचुनाव से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने अंता विधानसभा उपचुनाव-2025 के कार्यक्रम, आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन प्रक्रिया की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
महाजन ने बताया कि उपचुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित राजस्व जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी, जिसके साथ नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। 21 अक्टूबर तक नामांकन जमा किए जा सकेंगे, जबकि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 23 अक्टूबर को होगी। प्रत्याशी 27 अक्टूबर तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी प्रत्याशी और राजनीतिक दल अपनी वेबसाइट, टीवी चैनलों तथा समाचार पत्रों में प्रत्याशी की आपराधिक पृष्ठभूमि का विवरण कम से कम तीन बार प्रकाशित और प्रसारित करेंगे। महाजन ने बताया कि मतदान के दिन पोलिंग एजेंटों को मतदान शुरू होने से 90 मिनट पहले ईवीएम मशीन पर मॉक पोल के लिए उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
अंता विधानसभा क्षेत्र में 1 अक्टूबर 2025 तक कुल 2,27,563 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,16,405 पुरुष, 1,11,154 महिला और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन क्षेत्र में 268 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मीडिया प्रकोष्ठ और राजनीतिक विज्ञापनों के अधिप्रमाणन के लिए जिला स्तरीय समितियों का गठन किया जा चुका है। साथ ही अधिकाधिक मतदान के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को गति देने, नए मतदाताओं को ईवीएम की जानकारी प्रदान करने और उपचुनाव में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
महाजन ने मीडिया कर्मियों के साथ संवाद में आचार संहिता उल्लंघन की शिकायतों के निस्तारण हेतु सी-विजिल एप की उपयोगिता बताई। उन्होंने बताया कि 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए होम वोटिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा लागू नवाचारों का उद्देश्य सभी वर्गों के मतदाताओं तक मतदान सुविधा पहुँचाना और निष्पक्ष, भयमुक्त तथा धनबल से रहित चुनाव कराना है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से इन प्रयासों में सक्रिय सहयोग की अपील की ताकि उपचुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।