जयपुर, 10 जुलाई 2026 / लोकेंद्र सिंह शेखावत/ पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार ने जयपुर में केंद्र सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों एवं योजनाओं के लिए संचार और आउटरीच रणनीतियों को बढ़ाने पर विचार-विमर्श करने के लिए अंतर माध्यम प्रचार समन्वय समिति (आईएमपीसीसी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के क्षेत्रीय कार्यालयों, संस्थानों और राज्य सरकार के सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के मध्य समन्वय एवं संचार की रणनीति को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता अनुभव बैरवा, निदेशक, पत्र सूचना कार्यालय जयपुर एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, जयपुर द्वारा की गई।
अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना मुख्य लक्ष्य
निदेशक अनुभव बैरवा ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि आईएमपीसीसी का उद्देश्य भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बैठक में शामिल सभी सदस्य कार्यालयों की सहभागिता एवं समन्वय बनाने का आग्रह किया। निदेशक ने सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में एकीकृत मीडिया आउटरीच (Integrated Media Outreach) की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया।
विभिन्न विभागों की प्रस्तुतियाँ और मुख्य बिंदु:
- आकाशवाणी केंद्र: रामनाथ मीणा, उप निदेशक एवं समाचार प्रमुख, आकाशवाणी केंद्र जयपुर ने बैठक में शामिल सभी विभागों से उनके कार्यक्रमों एवं योजनाओं की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने की अपील की।
- पत्र सूचना कार्यालय: धर्मेश भारती, उप निदेशक, पत्र सूचना कार्यालय जयपुर ने जून 2026 में कार्यालय द्वारा आयोजित की गई प्रचार गतिविधियों और प्रेस विज्ञप्तियों की जानकारी साझा की।
- श्रम सुधार: एल. आर. मीणा, क्षेत्रीय श्रम आयुक्त, जयपुर ने बैठक में केंद्र सरकार द्वारा 1 अप्रैल 2026 को लागू की गई नई श्रम संहिताओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
- राज्य सरकार का समन्वय: हेमंत सिंह, उप निदेशक, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, राजस्थान सरकार ने राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार के सहयोग से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रांतीय स्तर पर किए जा रहे प्रचार-प्रसार की प्रगति साझा की।
- दूरदर्शन: जया गुप्ता, समाचार संपादक, समाचार एकांश, दूरदर्शन केंद्र जयपुर ने भी बैठक में विभाग द्वारा विकासपरक समाचारों के प्रसारण और किए गए कार्यों का ब्यौरा दिया।
भावी कार्ययोजना और सहभागिता:
बैठक के दौरान, सदस्यों ने संचार रणनीतियों की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से अपने विचार और सुझाव साझा किए। उन्होंने अपने-अपने विभागों द्वारा की गई हालिया प्रचार पहलों पर अपडेट प्रस्तुत किया और आगामी महीनों के लिए आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की रूपरेखा सामने रखी।
इस बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे, श्रम विभाग, आकाशवाणी केंद्र जयपुर (समाचार एवं कार्यक्रम विभाग), दूरदर्शन (समाचार एवं कार्यक्रम विभाग), भारतीय मानक ब्यूरो, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, इग्नू, माय भारत, सीजीएचएस, मौसम केंद्र जयपुर, बुनकर सेवा केंद्र सहित केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों तथा राज्य सरकार के सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान:
इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय द्वारा देशव्यापी अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के अंतर्गत बैठक में शामिल सभी प्रतिभागी अधिकारियों और प्रतिनिधियों को पौधे वितरित किए गए और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया गया।