जयपुर, 21 जून 2026 | मुस्कान तिवाड़ी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आयुर्वेद विभाग द्वारा रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष यह दिवस “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर मनाया गया, जिसके तहत जयपुर जिले भर में लाखों नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास कर निरोगी रहने का संदेश दिया।
मुख्य आयोजन शहर के पांच प्रमुख ऐतिहासिक और सार्वजनिक स्थलों—सवाई मानसिंह (एसएमएस) स्टेडियम, अल्बर्ट हॉल, पत्रिका गेट, जलमहल एवं आमेर फोर्ट पर आयोजित किए गए। इन सभी स्थानों पर विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने एक ही समय पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास किया।

प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रातः 6.45 से 7.00 बजे तक प्रधानमंत्री के उद्बोधन का लाइव टेलीकास्ट किया गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने योग को वैश्विक स्तर पर मानवीय एकता का मुख्य आधार बताया। इसके बाद सभी केंद्रों पर मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में सत्र की शुरुआत हुई और समापन पर सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने का संकल्प दिलवाया गया।

प्रमुख स्थलों पर जुटे दिग्गज
जयपुर के विभिन्न केंद्रों पर गरिमामयी उपस्थिति रही:
- एसएमएस स्टेडियम: राज्यपाल हरिभाऊ किशन राव बागड़े, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, राज्यसभा सांसद डॉ. अलका सिंह गुर्जर, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा और पूर्व महापौर सौम्या गुर्जर ने नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया।
- अल्बर्ट हॉल: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा की मौजूदगी में सत्र संपन्न हुआ।
- पत्रिका गेट: खेल एवं उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड और मालवीय नगर विधायक कालीचरण सर्राफ ने योग सत्र का नेतृत्व किया।
- जलमहल: हवामहल विधायक बालमुकुन्दाचार्य ने योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया।
- आमेर फोर्ट: जितेंद्र श्रीमाली की उपस्थिति में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ।
प्रशासनिक अधिकारियों और संस्थाओं की भागीदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमुख शासन सचिव (आयुष) सुबीर कुमार, जिला कलक्टर संदेश नायक, शासन उप सचिव गोपाल परिहार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर चतुर्थ आशीष कुमार और अतिरिक्त निदेशक प्रशासन ज्योति ककवानी सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम का तकनीकी संचालन क्रीड़ा भारती के मेघ सिंह एवं पतंजलि के कुलभूषण बैराठी द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन का दायित्व हेमलता शर्मा ने संभाला। इस जिला स्तरीय आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया।