अंतर्राष्ट्रीय भविष्यवक्ता पंडित रविंद्रचार्य ने चोमू में डॉ. अमरचंद शर्मा को किया सम्मानित
02 सितंबर 2025।लोकेंद्र सिंह शेखावत।टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर/चोमू। तारा ज्योतिष साधना केंद्र के अध्यक्ष और अंतर्राष्ट्रीय भविष्यवक्ता पंडित रविंद्रचार्य ने चोमू स्थित के.आर. मेमोरियल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अमरचंद शर्मा को उनके सामाजिक सरोकारों और प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
यह सम्मान डॉ. शर्मा को विशेष रूप से बेजुबान पक्षियों के लिए एक सुंदर एवं सुरक्षित “बर्ड हाउस” का निर्माण करने के लिए प्रदान किया गया। इस पहल के जरिए पक्षियों को गर्मी, बारिश और अन्य प्राकृतिक विपरीत परिस्थितियों से बचाव हेतु एक सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है।
सम्मान समारोह के दौरान पंडित रविंद्रचार्य ने कहा कि,
“डॉ. अमरचंद शर्मा का यह प्रयास एक मिसाल है। बर्ड हाउस न केवल जीव-जंतुओं को सुरक्षा और सहारा देता है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी प्रकृति संरक्षण और परमार्थ के प्रति प्रेरित करता है। ऐसे कदम समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।”
कार्यक्रम में पंडित रविंद्रचार्य ने आशीर्वाद स्वरूप डॉ. शर्मा को बाबा श्याम का दुपट्टा ओढ़ाया, साथ ही उन्हें श्याम कलम व श्याम इत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर बनवारी लाल कुमावत, डॉ. भावना कुमावत, प्रीति यादव, अनिल महेश्वरी, अंकित शर्मा और जगदीश प्रसाद शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में डॉ. शर्मा के मानवीय कार्य की सराहना की और इसे समाजहित में एक प्रेरक कदम बताया।

