अंगीकार 2025 एवं लोक कल्याण मेला : पीएम स्वनिधि और आवास योजनाओं पर हुआ विशेष आयोजन
17 सितंबर 2025, गणपत चौहान ब्यूरो चीफ़ छत्तीसगढ़ ,टेलीग्राफ टाइम्स ।
रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका निगम, रायगढ़ के सभा कक्ष में सोमवार को अंगीकार 2025 एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

इस अवसर पर नगर पालिका निगम आयुक्त ने कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0, मोर जमीन मोर मकान एवं पीएम सूर्य घर योजना – मुक्त बिजली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आयुक्त ने बताया कि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा प्रदान की जा रही है ताकि वे अपने घर का निर्माण सुगमता से कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में किए गए महत्वपूर्ण बदलावों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पुनर्गठन स्वनिधि योजना के तहत अब पूर्व स्वीकृत ऋण सीमा में बढ़ोतरी की गई है।
- पहले 10,000 रुपये की राशि को बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दिया गया है।
- दूसरा लोन 20,000 रुपये के स्थान पर 25,000 रुपये होगा।
- वहीं, तीसरे लोन की राशि 50,000 रुपये तक बढ़ा दी गई है।
मिशन प्रबंधकों ने इस संबंध में लाभार्थियों को विस्तार से समझाया और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 15 हितग्राहियों को भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र प्रदान किए गए। वहीं मोर मकान मोर आस योजना के अंतर्गत 20 हितग्राहियों को आवंटन पत्र वितरित किए गए।